ईचागढ़ में बिना ग्रामसभा अनुमति के चल रहे शराब दुकान, अनूप महतो का हल्ला बोल


सरायकेला-खरसावां :
संयुक्त ग्राम सभा मंच, झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष व ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनूप कुमार महतो ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिला, जो पांचवी अनुसूची क्षेत्र के अंतर्गत आता है, में बिना ग्राम सभा की अनुमति के शराब दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
महतो ने बताया कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में शराब दुकानों को निजी हाथों में सौंपा गया है, लेकिन कई जगहों पर बिना ग्राम सभा की अनुमति के शराब का स्टॉक और बिक्री की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर शराब दुकानें खोलने की कोशिशें भी सामने आ रही हैं। कुछ मामलों में धार्मिक और सामाजिक स्थलों के पास भी शराब दुकानें खोलने की योजना है, जो नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने जिला उपायुक्त (DC) और अंचल अधिकारियों से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। महतो ने चेतावनी दी कि ग्राम सभा मंच इस मुद्दे को लेकर जिला उपायुक्त से मुलाकात करेगा और अवैध शराब दुकानों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराएगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि शराब दुकान खोलने से पहले ग्राम सभा की अनुमति अनिवार्य है, बिना अनुमति के दुकानें चलाना कानून का उल्लंघन है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने