सरायकेला-खरसावां : जिले में अवैध खनन और बालू परिवहन पर नकेल कसने के लिए खनन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में गम्हरिया और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा व बुरूडीह में औचक निरीक्षण किया गया, इस दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन करते हुए वाहन नंबर JH05AG-9312 को पकड़ा गया और उसे जब्त कर थाने में सुपुर्द कर दिया गया। वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खनन पदाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन और परिवहन पर किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस या वैध कागजात के खनन और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है। लाइसेंसधारी वाहनों को भी निर्धारित मार्ग और मात्रा में ही परिवहन की अनुमति होगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ वाहन जब्ती के साथ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खनन विभाग ने थाना स्तर पर नियमित गश्ती और जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं साथ ही, आम लोगों से अपील की गई है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना तुरंत जिला प्रशासन या संबंधित थाने को दें, ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई हो सके।


