सरायकेला: आगामी होली पर्व के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त के निर्देशानुसार और उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में सोमवार (02 मार्च 2026) को चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गु, चाकुलिया और भदौड़ीह गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने अवैध शराब निर्माण के 03 अड्डों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मौके पर अवैध शराब बनाने के लिए रखा गया लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ विधिवत नष्ट किया गया। साथ ही, छापेमारी दल ने 35 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद कर जब्त की है।
उत्पाद विभाग ने इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार के दौरान अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
Jharkhand