बिष्टुपुर : बी.एस. ग्रुप ऑफ होटल्स के संयुक्त निदेशक श्री सुकुमार बोस, श्री विश्वनाथ रॉय और समस्त कर्मचारियों ने बी.एस. रेसीडेंसी, विस्टपुर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन और शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के जुझारू व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए श्री विश्वनाथ रॉय ने कहा, "दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास सोरेन अभूतपूर्व व्यक्तित्व के धनी थे। शिबू सोरेन ने झारखंड में आदिवासी-मूलवासी और अन्य समुदायों को राजनीतिक रूप से जागृत कर झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।" उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
सभा के प्रारंभ में एक शोक प्रस्ताव पढ़ा गया, जिसमें कहा गया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल झारखंड के निर्माता थे, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एक कद्दावर नेता भी थे। वे झारखंड आंदोलन के अविस्मरणीय महानायक थे। वहीं, स्व. रामदास सोरेन कोल्हान से झारखंड मुक्ति मोर्चा के अग्रिम पंक्ति के अनुभवी नेता थे, जिनका अकादमिक निधन पूरे समाज के लिए दुखद है।
श्रद्धांजलि सभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंद्र महतो, गौतम बोस, हराधान प्रमाणिक, रमेश मुखी, बाघराई हांसदा, बिंदे सोरेन (माझी बाबा), शंकर महतो, देवलाल महतो, सुंदर प्रधान, परितोष महतो, अंबुज अक्षय महतो (सभी झारखंड आंदोलनकारी), मनोरंजन महतो, राज कुमार दास (अंबेडकरवादी) सहित बी.एस. रेसीडेंसी के कर्मचारी उपस्थित थे।

