श्रद्धांजलि सभा में लुगू बुरु घंटाबाड़ी धोरोम गाढ़ के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उप सचिव मिथलेश किस्कू और गोडेत सुरेंद्र टुडू ने स्व. रामदास सोरेन को पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर अध्यक्ष बबुली सोरेन ने कहा, "स्व. रामदास सोरेन आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित थे। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया। जनजातीय भाषा को बढ़ावा देने के लिए पंडित रघुनाथ मुर्मू यूनिवर्सिटी की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया और ओलचिकी लिपी में पढ़ाई शुरू करने के लिए शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया को अंतिम चरण तक पहुंचाया।
इसके अलावा, पेसा कानून लागू करने का प्रयास माझी परगना की पारंपरिक व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया। वह हमेशा समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन देते रहे और हमारे संगठन को भी प्रेरित करते थे।"
इस अवसर पर जगेसर मांझी परगना के परगना बाबा दिनेश मुर्मू, गोडेत सुखराम हांसदा, मांझी बाबा अनिल कुमार हंसदा, देश पराणिक बाबा दुर्गा चरण मुर्मू, बिंदे सोरेन टाटा बाजार पुड़सी माझी बाबा, भागिरथी सोरेन, कुशाल हांसदा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
स्व. रामदास सोरेन के योगदान को याद करते हुए सभी ने उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया। यह श्रद्धांजलि सभा उनके प्रति सम्मान और आदिवासी समाज के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है।


