चांडिल: कोल्हान विश्वविद्यालय के अंगीभूत सिंहभूम कॉलेज चांडिल में अब छात्र-छात्राएं नए और आकर्षक ड्रेस लुक में नजर आएंगे। कॉलेज प्रशासन ने शैक्षणिक वातावरण को अनुशासित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से आधिकारिक रूप से ड्रेस कोड लागू करने का फैसला लिया। इस फैसले के बाद अब कॉलेज परिसर में सभी छात्र-छात्राओं को निर्धारित यूनिफॉर्म में ही आना होगा।
यूनिफॉर्म निर्धारण समिति की बैठक में लिया गया फैसला
11 फरवरी 2026 (बुधवार) को कॉलेज परिसर में प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू की अध्यक्षता में यूनिफॉर्म निर्धारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेज के शैक्षणिक माहौल को बेहतर और अनुशासित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसी बैठक में UG और PG के छात्रों के लिए अलग-अलग यूनिफॉर्म तय किया गया।
स्नातक छात्राओं के लिए निर्धारित किया गया यह ड्रेस
स्नातक (UG) की छात्राओं के लिए गहरे नीले रंग की सलवार, आसमानी नीले रंग की कमीज निर्धारित की गई है। कमीज में गहरे नीले रंग का कॉलर होगा तथा उसकी आस्तीन थ्री-क्वार्टर लंबाई की होगी। साथ ही कमीज में डार्क ब्लू राउंड बॉर्डर रहेगा। इसके साथ छात्राओं को गहरे नीले रंग की बंडी जिस पर सिंहभूम कॉलेज चांडिल का लोगो लगा होगा।
स्नातक छात्रों के लिए तय हुई यह यूनिफॉर्म
स्नातक (UG) के छात्रों के लिए गहरे नीले रंग का पेंट, काले रंग का बेल्ट और आसमानी नीले रंग की फुल कमीज निर्धारित की गई है। कमीज के पॉकेट पर सिंहभूम कॉलेज चांडिल का लोगो लगा होगा।
स्नातकोत्तर छात्राओं के लिए अलग ड्रेस कोड
स्नातकोत्तर (PG) की छात्राओं के लिए काले रंग की सलवार या फुल साइज पायजामा, आसमानी नीले रंग की कमीज तय की गई है। कमीज में गहरे नीले रंग का कॉलर, थ्री-क्वार्टर आस्तीन और डार्क ब्लू राउंड बॉर्डर रहेगा।इसके साथ काले रंग की बंडी जिसमें सिंहभूम कॉलेज चांडिल का लोगो लगा रहेगा।
स्नातकोत्तर छात्रों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म
स्नातकोत्तर (PG) छात्रों के लिए काले रंग का पेंट, काले रंग का बेल्ट और आसमानी नीले रंग की पूरे बांह की कमीज तय की गई है। कमीज के पॉकेट पर सिंहभूम कॉलेज चांडिल का लोगो रहेगा।
