सरायकेला: जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू।



सरायकेला–खरसावाँ जिले में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलडी)” के सफल संचालन के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिला सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारी और तकनीकी सहायक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंदर उरांव, कार्यपालक दंडाधिकारी सतेंद्र महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, राज्य स्तरीय जनगणना प्रशिक्षक गजेंद्र गुप्ता और जिला समन्वयक अर्जुन राम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के उद्देश्य, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए दिशा-निर्देश, जनगणना अधिनियम के प्रावधान, मकानों की नंबरिंग प्रक्रिया, शहरी क्षेत्रों में मानचित्र तैयार करने की विधि और जनगणना मकान संख्या निर्धारण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं तथा उनके समाधान पर भी चर्चा की जा रही है। साथ ही डिजिटल एप्लिकेशन के माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना को डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा, जिससे डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगी। यह प्रशिक्षण 13 से 15 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें करीब 80 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

इस मौके पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जनगणना से जुड़े अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में कार्य करते समय आम जनता के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने