बोरे में भरकर फेंका गया था शव, चेहरे पर खून के निशान।
ईचागढ़: सरायकेला–खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पातकुम स्थित करकरी नदी पुल के नीचे शनिवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव को कमर के ऊपर तक बोरे में भरकर नदी में फेंका गया था, जो पानी के ऊपर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने पातकुम पुल के नीचे नदी की झाड़ियों के बीच एक अज्ञात शव फंसा हुआ देखा। मृतक ने नीले रंग की शर्ट पहन रखी थी। शव के चेहरे पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे थे और चेहरा खून से लथपथ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
घटना की खबर फैलते ही पुल के ऊपर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान ग्राम प्रधान सोनू बेसरा और कांग्रेस नेता सह जिला बीस सूत्री सदस्य मुर्तेज अंसारी ने कहा कि शव को देखकर प्रतीत होता है कि व्यक्ति की कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
