170 दिन बाद जेल से रिहा हुए सोनम वांगचुक, केंद्र सरकार ने NSA केस वापस लेकर हिरासत तत्काल की रद्द

लद्दाख के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता व इंजीनियर सोनम वांगचुक को 170 दिन की हिरासत के बाद शनिवार, 14 मार्च 2026 को जेल से रिहा कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने उनकी हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन पर लगे राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई को भी समाप्त कर दी गई है।

सरकार ने शांति और संवाद की बात कही
गृह मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि सरकार लद्दाख में शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास का माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य सभी हितधारकों के साथ रचनात्मक और सार्थक संवाद स्थापित करना है, ताकि क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बन सके।

हिरासत की आधी अवधि पूरी होने के बाद फैसला 
गृह मंत्रालय के अनुसार सोनम वांगचुक NSA के तहत तय हिरासत अवधि का लगभग आधा समय जेल में बिता चुके थे। इसी को ध्यान में रखते हुए और उचित विचार-विमर्श के बाद उनकी हिरासत समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

शनिवार दोपहर को जेल से हुए रिहा
केंद्र सरकार के आदेश के बाद शनिवार, 14 मार्च 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे वांगचुक को जेल से रिहा कर दिया गया है। इस दौरान उनकी पत्नी गीतांजलि भी जेल परिसर में मौजूद रहीं।

26 सितंबर 2025 को किया गया था गिरफ्तार
सोनम वांगचुक को 26 सितंबर 2025 को NSA के तहत हिरासत में लिया गया था। यह आदेश लद्दाख के लेह जिले के जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किया गया था। उस समय प्रशासन ने कहा था कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया था।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने