राजनगर, सरायकेला-खरसावां। राजनगर में SNM ट्रॉफी पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने संथाली टैलेंट क्वेस्ट परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों के बीच पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए।
दरअसल, 30 अगस्त को आयोजित संथाली टैलेंट क्वेस्ट परीक्षा में कुल 352 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि में आयोजित की गई थी। इनमें से 20 विद्यार्थियों का पुरस्कार के लिए चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में स्मार्ट साइकिल प्रदान की गई, जबकि अन्य चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए स्टडी टेबल सहित विभिन्न सामग्री दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि संथाली भाषा और ओल चिकी लिपि को बढ़ावा देने के लिए हर घर में ओल चिकी का ज्ञान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से संथाली समाज के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
SNM के संस्थापक सत्यनारायण मुर्मू ने कहा कि वर्तमान समय में कई युवा बेवजह के डीजे, लांगड़े और वन डे फुटबॉल जैसी गतिविधियों में अपना समय गंवा रहे हैं। युवाओं को शिक्षा की ओर आकर्षित करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से SNM पिछले दो से चार वर्षों से लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि संथाली आदिवासी समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपनी भाषा, लिपि तथा सांस्कृतिक पहचान के साथ बेहतर भविष्य का निर्माण करें।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संथाली भाषा और ओल चिकी लिपि के संरक्षण एवं प्रसार का संदेश भी दिया गया।
