सरायकेला-खरसावां : तमुलिया पंचायत के डोबो और रुगड़ी गांव में शराब दुकानों के संचालन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल (टीएसी) की बैठक में निर्णय लिया गया था कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। इसके बावजूद इन गांवों में शराब दुकानें संचालित होने की खबरें सामने आई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में रोष है।
ईचागढ़ पूर्व प्रत्याशी अनूप कुमार महतो ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि ग्राम सभा की मंजूरी के बिना दुकानें खोली गई हैं। महतो ने सवाल उठाया कि क्या दुकान भाड़े पर देने वाले मालिकों ने ग्राम सभा से सत्यापन लिया है? उन्होंने बताया कि ग्राम सभा के लिए 75% लोगों की भागीदारी और एक तिहाई महिलाओं की उपस्थिति अनिवार्य है, जो यहां पालन नहीं किया गया।
महतो ने चेतावनी दी है कि वे इस मामले में विरोध दर्ज करेंगे और सरायकेला डीसी से शिकायत करेंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और दुकान मालिकों से ग्राम सभा की प्रक्रिया का पालन करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अनियमितता साबित होती है, तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।


