गिरिडीह: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात निधन हो गया। वह गिरिडीह स्थित अपने आवास पर थे। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
अचानक सीने में उठा दर्द, अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार, सुदिव्य कुमार सोनू पिछले कई दिनों से गिरिडीह से बाहर थे और करीब दो दिन पहले ही वापस लौटे थे। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि वे हरसिंगरायडीह स्थित अपने आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ।
तबीयत बिगड़ने पर परिजन और सहयोगी उन्हें रात में ही गिरिडीह शहर के बस पड़ाव के पास स्थित मर्सी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल जांच और इलाज शुरू किया। उन्हें बचाने के लिए चिकित्सकों की ओर से काफी प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति इतनी गंभीर थी कि उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाना भी संभव नहीं हो सका।
निधन की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचा प्रशासन
मंत्री के निधन की खबर फैलते ही गिरिडीह में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में झामुमो के नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग मर्सी अस्पताल पहुंचने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। जिलाधिकारी, एसपी, धनबाद एसएसपी समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी वहां मौजूद रहे।
झारखंड सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी
सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मंत्री के निधन की खबर से उनके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी गहरा शोक है। गिरिडीह में उनके आवास और अस्पताल के आसपास लोगों की भीड़ जुटती रही।
Tags
Giridih