रांची: झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के सभी विद्यालयों के समय में बदलाव करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में अगली सूचना तक कक्षाओं का संचालन सुबह के समय किया जाएगा, ताकि बच्चों को तेज धूप और गर्मी से राहत मिल सके।
नए निर्देश के तहत कक्षा K.G. से लेकर कक्षा 08 तक की पढ़ाई सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जबकि कक्षा 09 से 12 तक की कक्षाएँ सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित की जाएंगी। इसके अलावा आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और इस दौरान वे गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी कर दिया गया है और अगले आदेश तक लागू रहेगा। विभागीय सचिव के अनुमोदन के बाद जारी इस फैसले का मुख्य उद्देश्य राज्य में बढ़ते तापमान के बीच छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है, क्योंकि गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सुबह के समय पढ़ाई कराना बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक माना गया है।
Tags
Jharkhand