Seraikella: सरायकेला–खरसावाँ जिले में गृह रक्षक नव नामांकन प्रक्रिया के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा कार्यक्रम लगातार सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में 18 मार्च 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम में कुचाई प्रखंड के अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
इस दिन कुल 1189 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 871 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। उपस्थित उम्मीदवारों में 604 पुरुष और 276 महिला अभ्यर्थी शामिल थे, जबकि 318 अभ्यर्थी किसी कारणवश अनुपस्थित रहे। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में अभ्यर्थियों ने अपनी फिटनेस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
इस चरण में कुल 394 अभ्यर्थी सफल रहे, जिनमें 170 पुरुष और 224 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। खास बात यह रही कि महिला अभ्यर्थियों का प्रदर्शन भी काफी प्रभावशाली रहा।
पूरे परीक्षा आयोजन को निर्धारित मानकों और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।यह परीक्षा न सिर्फ युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है, बल्कि उनके अनुशासन, मेहनत और समर्पण का भी एक महत्वपूर्ण परीक्षण साबित हो रही है।