चांडिल/जमशेदपुर। दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य की तराई में बसे ग्रामीणों के हक और भविष्य को लेकर कल, 25 फरवरी को चांडिल के माकुलोचा फुटबॉल मैदान में एक विशाल 'महा जन सम्मेलन' का आयोजन होने जा रहा है। ग्राम सभा सुरक्षा मंच (कोल्हान प्रमंडल) के बैनर तले आयोजित इस एक दिवसीय सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
84 मौजा के ग्रामीण होंगे शामिल।
इस ऐतिहासिक सम्मेलन में दलमा क्षेत्र के 84 मौजा के अंतर्गत आने वाले लगभग 135 गांवों के हजारों ग्रामीणों के जुटने की संभावना है। आयोजकों ने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए भव्य मंच, पेयजल और बैठने की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन को भी सूचित कर सहयोग मांगा गया है।
विकास और विस्थापन पर होगी चर्चा।
सम्मेलन का मुख्य एजेंडा दलमा क्षेत्र में प्रस्तावित इको-टूरिज्म योजना, सरकारी विकास कार्यों का स्थानीय जनजीवन पर प्रभाव और क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याएं हैं। मंच के सदस्यों के अनुसार, यह आयोजन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा, जहाँ ग्रामीण सामूहिक रूप से अपनी भावनाओं और अधिकारों को एक मंच पर रखेंगे।
बड़ी भागीदारी की अपील।
आयोजक समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय दें। गांवों में इस सम्मेलन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि इसे क्षेत्र के अस्तित्व और विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।
समय: पूर्वाह्न 11:00 से अपराह्न 04:00 बजे तक
स्थान: माकुलोचा फुटबॉल मैदान, चांडिल।
