झारखंड, सिमडेगा : भारत आदिवासी पार्टी के सिमडेगा जिला अध्यक्ष अमृत चिराग तिर्की ने कुरमी समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने की मांग का तीखा विरोध किया है, उन्होंने इसे आदिवासी अस्मिता और अधिकारों पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि कुरमी समाज का इतिहास, परंपरा और सामाजिक संरचना आदिवासी समुदाय से कभी जुड़ी नहीं रही, तिर्की ने इसे आदिवासी हक़ की लूट और सुनियोजित राजनीतिक साजिश बताया।
तिर्की ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाती है, तो आदिवासी समाज सड़क से संसद तक उग्र आंदोलन करेगा, उन्होंने कहा, “आदिवासी समाज ने अपनी पहचान और अधिकारों के लिए सदियों तक संघर्ष और बलिदान दिया है, गैर-आदिवासी को एसटी दर्जा देना आदिवासी अस्तित्व को मिटाने की साजिश है, जरूरत पड़ी तो सड़कें रणभूमि बनेंगी।”
भारत आदिवासी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वे इस मांग का हर स्तर पर विरोध करेंगे और देशभर के आदिवासी संगठनों को एकजुट कर आंदोलन को निर्णायक रूप देंगे।

