घाटशिला : माझी परगना महल, धाड़ दिशोम के तत्वावधान में रविवार को घाटशिला में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, समारोह की अध्यक्षता धाड़ दिशोम पारगाना बाबा बैजू मुर्मू ने की, जिसमें माझी पारगाना महल द्वारा संचालित निशुल्क कोचिंग सेंटर के 160 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
पारगाना बैजू मुर्मू ने कहा कि आदिवासी समाज शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी पीछे है, और इस कमी को दूर करने के लिए निशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, उन्होंने माझी बाबा एवं पारगानाओं से इस पहल में सहयोग की अपील की, जुगसलाई तोरोप/पिड़ के पारगना बाबा दासमत हांसदा ने जोर देकर कहा कि शिक्षा सफलता, रोजगार और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।
समारोह में कलिकापुर तोरोप/पिड़ के पारगना आयो पुणता मुर्मू, हल्दीपोखर के तोरोप/पिड़ पारगाना सुशील हांसदा, आसानबनी के तोरोप/पिड़ पारगाना हरिपद मुर्मू, महुलिया के तोरोप/पिड़ पारगाना चंद्रराय हांसदा, दामपाड़ा के बैजू टुडू और कादमा के बिन्दे सोरेन सहित कई पारगाना नेताओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
माझी पारगाना महल धाड़ दिशोम पूर्वी सिंहभूम में 28 निशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित कर रहा है, जहां सुनील मुर्मू के नेतृत्व में दर्जनों छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं, समारोह में सुशील मुर्मू, रजनीकांत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


