19 अप्रैल रविवार को सरायकेला-खरसावां के चांडिल (शहरबेड़ा) और पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में संताली भाषा और ओलचिकी लिपि के प्रति बढ़ते उत्साह का शानदार उदाहरण देखने को मिला। सत्य नारायण सोशियो इकोनॉमिक एंड रिसर्च सेंटर द्वारा आयोजित संताली टैलेंट सर्च परीक्षा में दोनों केंद्रों पर कुल 324 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
इस परीक्षा का आयोजन दो केंद्रों पर किया गया—पूर्वी सिंहभूम जिला के घाटशिला कॉलेज में 189 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि उत्क्रमित मध्य विद्यालय शहरबेड़ा, चांडिल में 135 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया।
संस्था के सचिव सत्यनारायण मुर्मू ने बताया कि इस परीक्षा में केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी प्रतिभागी SNM ट्रॉफी में भाग लेने पहुंचे। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पहल संताली भाषा और ओलचिकी लिपि को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि ओलचिकी लिपि के निर्माण को 100 वर्ष पूरे हो चुके हैं, और रघुनाथ मुर्मू का सपना था कि यह लिपि हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य को लेकर यह अभियान लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को आगामी 1 मई बैशाख पुर्णिमा यानी रघुनाथ मुर्मू जयंती के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवाओं को अपनी संथाली भाषा और संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
Tags
Aadivasi