सरायकेला: आगामी ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ के मद्देनजर जिला समाहरणालय में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सुझाव लिए गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क और नालियों की मरम्मत तथा घाटों पर आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
रामनवमी और चैती छठ को देखते हुए नदियों और घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने, जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुलूस मार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।
उपायुक्त ने डीजे संचालन पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने और भड़काऊ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने और फायर ब्रिगेड को स्टैंडबाय रहने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।
प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों और नागरिकों से आपसी सहयोग बनाए रखते हुए पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की।

