हेमंत सोरेन पर डर और भ्रम फैलाने का आरोप, बाबूलाल मारांडी ने साधा निशाना

रांची: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मारांडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लोगों के बीच डर और भ्रम का माहौल बनाने का आरोप लगाया है।

बाबूलाल मारांडी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ऊर्जा संसाधनों पर वैश्विक स्तर पर दबाव बढ़ रहा है। इसके बावजूद केंद्र सरकार देशभर में आम लोगों तक रसोई गैस, पेट्रोल और डीज़ल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि किसी प्रकार की कमी या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील समय में कुछ लोग डर और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बाबूलाल मारांडी के अनुसार, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मुद्दे पर राष्ट्रीय एकजुटता दिखाने के बजाय राजनीतिक एजेंडा चलाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री ने इस तरह का रुख अपनाया है। उनके अनुसार कोविड-19 महामारी के दौरान भी वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की गई थी।

बाबूलाल मारांडी ने कहा कि मौजूदा हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थिति की समीक्षा करना अधिक जरूरी है, लेकिन इसके बजाय चर्चा में बने रहने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा पैनिक क्रिएट करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे लोगों के बीच अनावश्यक चिंता का माहौल बन सकता है।

ये बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मारांडी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में कही हैं।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने