दलमा बुरू में सेंदरा को लेकर पुजा अनुष्ठान संपन्न, परंपरा और प्रकृति पूजन का दिखा अद्भुत संगम

चाडिंल प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत के ग्राम जामडीह में 25 अप्रैल (शनिवार) को दलमा बुरू सेंदरा देशुआ समिति की ओर से सेंदरा पर्व पूरे पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां हर उम्र के लोग अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़े इस विशेष पर्व में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत लाया देवेन कर्मकार द्वारा ईष्ट देवता की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा के दौरान ढोल-नगाड़ों और मांदर की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पारंपरिक हथियारों के साथ ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया, जो उनकी सांस्कृतिक विरासत और एकता का प्रतीक है।

परंपरा के अनुसार, शनिवार रात्रि सेंदरा वीर दलमा जंगल की ओर प्रस्थान करेंगे। वहां वे नियम-कायदों का पालन करते हुए बुरू बोंगा की पूजा करेंगे और अगली सुबह गांव लौटेंगे। समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि यह पर्व शिकार के लिए नहीं, बल्कि प्रकृति की पूजा और पूर्वजों को स्मरण करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

इस आयोजन में समिति के अध्यक्ष फकीर चंद्र सोरेन, उपाध्यक्ष गुरु चरण सिंह, रामगढ़ ग्राम प्रधान कालीपोद सिंह, गणपति सिंह, फागू सोरेन, सत्य रंजन सोरेन, बृंदाबन सिंह, बलाई टुडू, सोम मांझी, सदानंद सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने