चांडिल: सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA), झारखंड सरकार के अनुदान से निर्मित दो नए मंजिला शैक्षणिक भवन का उद्घाटन समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। यह अवसर न सिर्फ कॉलेज बल्कि पूरे ईचागढ़ क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ की लोकप्रिय विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं। उन्होंने फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया और इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत कदम बताया।
अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने कहा कि यह नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे भविष्य में भी इस महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए हर संभव सहयोग करती रहेंगी, ताकि क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मु ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस नए भवन को छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संसाधनों से कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार होगा।
इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य चारूचांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, सीनेट सदस्य डॉ. जे.के. सिंह, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, छात्र नेता सुदामा हेम्ब्रम, जिला उपाध्यक्ष धर्मु गोप, सुबोध सिंह मुंडा, विभीषण मछुआ, अंबिका रजक, राहुल वर्मा, मिलन तंतुबाई सहित कई लोग उपस्थित रहे।
Tags
Chandil